महाशिवरात्रि पर कांवड़ियों के पैरों को जख्मी करने को तैयार रामघाट मार्ग के गड्ढों को भरने का काम शुरू हो गया है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का अधिकारियों ने संज्ञान लिया, जिसके बाद मंगलवार को रसिक टावर तिराहे पर जर्जर सड़क की मरम्मत शुरू हो गई।
अमर उजाला ने 15 फरवरी और 17 फरवरी के अंक में '' भोले के भक्तों के पैरों में चुभेंगे कंकड़-पत्थर'' शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इस खबर का अधिकारियों ने संज्ञान लिया। इसके बाद मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से रसिक टावर तिराहे पर जर्जर सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया। गड्ढों में गिट्टी डालने के बाद उस पर डामर मिली रोड़ी डालकर बराबर किया गया है।
महाशिवरात्रि पर मंदिरों में भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए हरिद्वार और नरौरा गंगा घाट से लाखों की संख्या में कांवड़िया रामघाट के रास्ते अलीगढ़ सहित हाथरस, मथुरा, पलवल, आगरा, भरतपुर आदि के लिए जाते हैं। रामघाट रोड पर लंबे समय से जगह-जगह गड्ढे हैं, जिनकी छोटी-बड़ी गिट्टियां सड़क पर ही चौतरफा बिखरी हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर सभी जगह गड्ढे भरे जाएंगे तभी कांवड़ियों को राहत मिलेगी।