रविवार की दोपहर अलीगढ़ जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर एक महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने के कारण प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच आ गई। गनीमत रही की ट्रेन अधिक स्पीड में नहीं थी। पास ही आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर खड़े थे। उन्होंने तत्काल महिला का हाथ खींचते हुए शोर मचा दिया। इससे ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने चेन पुुलिंग कर गाड़ी रोक दी। हादसे में महिला बाल-बाल बच गई। उसे ईएमयू में ही बैठाकर टूंडला के लिए रवाना कर दिया।
वाकया दोपहर करीब एक बजे का है। दिल्ली से वाया अलीगढ़ टूंडला को जाने वाली ईएमयू ट्रेन जंक्शन के प्लेटफार्म दो पर पहुंची थी। ट्रेन करीब पांच मिनट प्लेटफार्म पर रुकी इसके बाद टू़ंडला की ओर रवाना हो गई। ट्रेन के चलते ही सवारियां उसमें चढ़ने के लिए दौड़ने लगीं। इसी दौरान एक महिला भी बोगी में चढ़ने की कोशिश करने लगी। तभी उसका पैर फिसला और वह बोगी और प्लेटफार्म के बीच आ गई। इससे अफरातफरी मच गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर ने महिला को हाथ पकड़कर खींचते हुए यात्रियों से चेन पुलिंग के लिए बोल दिया। चेन पुलिंग होते ही ट्रेन रुक र्गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक महिला टूंडला की रहने वाली थी। घटना से सुधबुध खो बैठी। इस पर उसे ट्रेन में बैठाकर टूंडला के लिए रवाना कर दिया।
दो के बजाए छह नंबर प्लेटफार्म पर आई पैसेंजर ट्रेन, मची भगदड़
बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर रविवार को अपने निर्धारित प्लेटफार्म दो की बजाय छह नंबर पर आई। इससे ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में भगदड़ मच गई। पटरियों को फांदकर लोग छह नंबर पर जाने लगे। कुछ देर के लिए व्यवस्था पूरी तरीके से चरमरा गई। यात्रियों ने बताया कि बिना किसी उद्घोषणा के ट्रेन का प्लेटफार्म बदल दिया गया।