एसएसपी कार्यालय पर मंगलवार को फरियाद लेकर पहुंची एक महिला ने मुकदमे से गैंगरेप की धारा हटाने पर बखेड़ा कर दिया। कार्यालय के बाहर बैठे अपने जेठौत (जेठ के लड़के) को चाटें जड़ दिए। खबर पर महिला थाने की टीम महिला को अपने साथ लेकर गई। तब जाकर मामला शांत हुआ।
क्वार्सी इलाके की महिला का आरोप है कि उसके साथ ससुराल वालों ने मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया। पति अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था। ससुर, देवर व जेठ ने उसके साथ गैंगरेप को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कराया था। मगर, विवेचक ने गैंगरेप की धारा हटाकर आरोपियों को बचाने की कोशिश की है। एसएसपी ने महिला की शिकायत सुन विवेचक को बुलाया। विवेचक ने एसएसपी को बताया कि महिला जिस दिन गैंगरेप होने की बात कह रही है। जांच में उस दिन मुकदमे में नामजद आरोपियों की लोकेशन घर के बजाय अन्य स्थानों पर मिली, जिसके आधार पर धारा हटाकर चार्जशीट दाखिल की थी। यह सुन महिला का माथा ठनक गया और वह चीखते-चिल्लाते हुए कप्तान कार्यालय से बाहर निकली और अपने जैठोत को एक के बाद एक कई तमाचे जड़ दिए। इस पर वहां मौजूद पुलिस के बीच हलचल मच गई। एसएसपी ने तत्काल महिला थाना पुलिस को बुलाया। पुलिस महिला को अपने साथ ले गई। तब जाकर मामला शांत हुआ। पीड़ित महिला के अनुसार वह अपने साथ हुए अन्याय को सहन नहीं करेगी। इस मामले में प्रधानमंत्री को पत्र लिख इंसाफ की गुहार लगाएगी।