रेलवे जंक्शन पर बुधवार को बलिया के एक मुस्लिम परिवार का जेवरात और दुल्हन के लहंगे से भरा बैग स्टेशन पर छूट गया। गश्ती के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर को बैग मिला। बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर आरपीएफ ने बैग स्वामी से संपर्क कर उन्हें बैग लौटाया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक दोपहर में स्टेशन पर गश्ती के दौरान दिल्ली छोर की तरफ बने आरओबी के पास एक ट्राली बैग मिला। वीडियो निगरानी मेें बैग को खोला गया। बैग के अंदर सोने-चांदी के जेवरात और दुल्हन का लहंगा रखा हुआ था। बैग की गहनता से जांच की गई तो उसमें इनकम टैक्स से संबंधित एक कागज मिला। जिस पर लिखे नंबर से संपर्क किया तो फोन मलिक मुसीन अहमद निवासी सिद्धार्थनगर, बलिया ने उठाया। बातचीत करने पर पता ला कि उनका ही बैग हड़बड़ी में स्टेशन पर छूट गया है। मलिक मुसीन ने धौरामाफी में रहने वाले अपने रिश्तेदार को थाने पर भेजा। उक्त रिश्तेदार को बैग सुपुर्द कर दिया गया है।