जल संकट से जूझ रहे इंद्रानगर के निवासियों ने सेवा भवन में नगर निगम एवं महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि होली के पहले समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर बैठ जाएंगे।
खैर रोड पर स्थित इंद्रानगर नगर निगम के वार्ड नंबर दो का हिस्सा है। यहां के लोग कई महीनों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पिछले 15-20 दिन से तापमान बढ़ने के साथ ही पानी की समस्या और बढ़ गई है। गली नंबर 5, 6, 7, 8 एवं 9 में घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को महिलाओं के साथ स्थानीय निवासी हाथ में पोस्टर लेकर नगर निगम पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की। अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अपर नगर आयुक्त को दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होली के पहले पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि वह त्योहार मना सकें। प्रदर्शन करने वालों में सतीश मूर्ति, गुड्डू माहौर, कमल सिंह, दीपक राज, अनिल, मुनीम, विनय कुमार, देवकी, सोनू माहौर, चेना देवी, शांति
देवी आदि शामिल थे।
इस संबंध अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि 10 से 15 दिन में इंद्रानगर की पानी की समस्या दूर कर दी जाएगी। अमृत योजना के अंतर्गत नई लाइन पड़ रही है। नलकूप भी बन गया है। कुछ काम रह गया है। हम कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द काम पूरा कर पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जब तक जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं होती है, दो टैंकर रोज इंद्रानगर भेजे जाएंगे।