'नेशनल सिक्योरिटी' नामक संस्था के संचालक ने महिलाओं को अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने महिलाओं के आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए। आरोपी संचालक ने महिलाओं के नाम पर फर्जी तरीके से बैंक से लाखों रुपये का लोन पास कराया और पूरी राशि निकालकर दफ्तर बंद कर फरार हो गया।
नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठगी की शिकार दर्जनों महिलाओं ने 27 दिसंबर को अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के घंटाघर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ितों का आरोप है कि एक निजी सुरक्षा कंपनी के संचालक ने उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर बैंक से लोन लिया और रकम लेकर फरार हो गया।
विज्ञापन
पीड़ित महिलाओं, जो मुख्य रूप से थाना बन्ना देवी क्षेत्र की निवासी हैं, ने बताया कि 'नेशनल सिक्योरिटी' नामक संस्था के संचालक ने उन्हें अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी बहाने आरोपी ने सभी महिलाओं के आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए। संचालक ने महिलाओं से कहा कि यह प्रक्रिया बैंक खाता खुलवाने और सैलरी वेरिफिकेशन के लिए जरूरी है।
बिना जानकारी के निकाल लिया लोन
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब महिलाओं के पास बैंक से लोन चुकाने के नोटिस और मैसेज आने लगे। आरोप है कि आरोपी संचालक ने महिलाओं के नाम पर फर्जी तरीके से बैंक से लाखों रुपये का लोन पास कराया और पूरी राशि निकालकर दफ्तर बंद कर फरार हो गया। ठगी का शिकार हुई महिलाओं की संख्या दर्जनों में बताई जा रही है।
विज्ञापन
न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित महिलाएं सिविल लाइन इलाके के घंटाघर पर एकत्रित हुईं और जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल सिक्योरिटी संचालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।