शराबी पतियों के उत्पीड़न से परेशान गांव कुलवा की महिलाएं बुधवार को सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने गांव के बीचोंबीच शराब के ठेकों को बंद कराने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने दोनों ठेके बंद करा दिए। महिलाओं ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर शराब के ठेके गांव से पांच किलो मीटर दूर सिफ्ट करने की मांग की है।
शराब के ठेकों के विरोध में उतरी महिलाओं का कहना था कि ठेके गांव में होने के कारण, दिन हो या रात लोग कभी भी इन्हें खुलवाकर शराब खरीद लेते हैं। इसका कोई निर्धारित समय नहीं है। इसके बाद शराब के नशे में घर पर जाकर पत्नी, बच्चों से मारपीट करते हैं। इतना ही नहीं गांव के युवाओं में भी शराब की लत पड़ने लगी है। इस पर सैकड़ों महिलाएं सुबह-सुबह इकट्ठी हो गईं और ठेके को बंद कराने की मांग का लेकर हंगामा करने लगीं।
पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों ठेकों को बंद कराकर महिलाओं को शांत किया। इसके बाद एसडीएम को संबोधित ज्ञापन स्थानीय पुलिस को सौंपा। विरोध जताने वालों में प्रेमवती, प्रेमलता, रामवती, रेखा देवी, केला देवी, हेमवती, हेमा देवी, रेशम देवी, ललतेश देवी, प्रकाश लोधी आदि महिलाएं थीं।