मामूदनगर स्थित पीपल वाली गली में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
बारह बीघा निवासी नसरत खान की 19 वर्षीय पुत्री खुशनुमा की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मामूदनगर निवासी असरफ के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही खुशनुमा को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे खुशनुमा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। जानकारी होने पर मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर थाना रोरावर पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी मयंक पाठक और फोरेंसिक टीम आ गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना पुलिस ने बताया है कि तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न और हत्या से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है, मामले की जांच की जा रही है।