महानगर के गांधीपार्क क्षेत्र के नगला मान सिंह के सिद्धार्थ अस्पताल में बुधवार को एक प्रसूता महिला की मौत पर परिवार ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग रख दी। खबर पर पहुुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई तय होगी।
विजयगढ़ के गांव शहबाजपुर के नीरज की 23 वर्षीय पत्नी संगीता को प्रसव पीड़ा पर आशा के सहयोग से महिला अस्पताल के लिए लाया गया। आरोप है कि आशा उसे महिला अस्पताल के बजाय नगला मान सिंह के सिद्धार्थ अस्पताल लेकर गईं। यहां रात को ऑपरेशन से बेटी को जन्म दिया। इसके बाद सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। बाद में उसे दूसरे अस्पताल ले गए। मगर वहां भी मना कर दिया। फिर मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे।
मगर उसकी मौत हो गई। इस पर परिजन शव को वापस सिद्धार्थ अस्पताल ले आए और शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर गांधीपार्क रविंद्र दुबे के अनुसार परिवार को शांत किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाकी तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। इधर, इस मामले में अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता अशोक पांडेय ने कहा है कि इस इलाके में चल रहे अस्पतालों की जांच होनी चाहिए। यहां आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।