महिला जेल में बंदियों-कैदियों की सुरक्षा में तैनात में एक महिला सिपाही पर मिलाई पर आए कासगंज के भाई-बहन को पीटने का आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने महिला सिपाही को मिलाई की एवज में अवैध रूप से सुविधा शुल्क नहीं दिया था। इसके चलते भड़की सिपाही ने उनकी पिटाई लगाई। पीड़ित भाई-बहन ने एसएसपी और जेल अधीक्षक से सिपाही की शिकायत की है।
खुशबू पुत्री सुमेर सिंह निवासी किसरौली, कासगंज ने शिकायत की है कि वह मंगलवार को महिला कारागार में बंद बड़ी बहन कमलेश निवासी नौरंगाबाद छावनी, गांधी पार्क से मुलाकात करने अपने भाई बंटी और पिता सुमेर सिंह के साथ आई थी। मिलाई करके बाहर आते समय वहां तैनात एक महिला सिपाही ने रोका और अवैध रूप से पैसे मांगने लगी।
विरोध करने पर भाई बंटी और मुझे पीट दिया। इतना ही नहीं कपड़े तक फाड़ दिए। खुशबू के अनुसार महिला सिपाही की जेल अधीक्षक और एसएसपी से लिखित में शिकायत की है। वहीं जेल अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर 1 बजे की है। मुलाकात के बाद निकलते समय खुशबू अपनी बहन को हाथ पकड़कर बाहर ला रही थी। जब उसे टोका गया तो उसने अभद्रता भरा जवाब दिया। इसी बात पर महिला बंदी रक्षक से तू तू मैं मैं हुई थी। अब इसमें बढ़ा चढ़ाकर शिकायत की गई है। जांच कराई जाएगी।