गांव गोधा में शनिवार की शाम को नशीले पदार्थ का सेवन करने से महिला की संंदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे मायके पक्ष द्वारा हत्या करने का आरोप लगाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। महिला अपने पीछे बेटे विशाल (6) तथा बेटी रितिका (4) को रोते-बिलखते छोड़ गई है।
गांव गोधा निवासी अजीत सिंह की पत्नी सरिता (40) ने शनिवार की शाम 5:30 बजे नशीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर गांव शेखूपुर सटकना थाना पाली मुकीमपुर निवासी मायके वाले भी पहुंच गए। मायके वालों ने आरोप लगाया कि अजीत सिंह आए दिन शराब पीकर सरिता से झगड़ा करता था। परिजनों ने ही सरिता की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोधा थानाध्यक्ष नरेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद