विजयगढ़ के मोहल्ला महाजनान में एक महिला ने गृहक्लेश के चलते फंदे पर लटककर जान दे दी। महिला की दूसरी शादी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला महाजनान निवासी ओम प्रकाश यादव की पत्नी कलावती उर्फ कल्पना (43) ने 24 फरवरी की दोपहर करीब एक बजे मकान की तीसरी मंजिल में रेलिंग के सहारे से धोती का फंदा लगाकर लटक गई। उस समय पति ओमप्रकाश दूसरी मंजिल पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रहे थे। बेटा मोंटी मोहल्ले में साइकिल चलाने गया था।पड़ोसियों ने उसे रेलिंग के सहारे लटकते देखा तो भागकर मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंचे और उसे ऊपर उठाया, लेकिन मौत हो चुकी थी।
ओम प्रकाश के अनुसार कुछ दिन पहले हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। उन्होंने बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन तब तक महिला अंतिम सांस ले चुकी थी। पति ओमप्रकाश का कुछ दिन पूर्व एक्सीडेंट हो गया था। एक हाथ में फ्रैक्चर है। ओमप्रकाश की पहली पत्नी का 14 वर्ष पहले निधन हो गया था। कलावती के साथ दूसरी शादी हुई थी। वह अपने साथ बेटी को लाई थी। शादी के बाद एक लड़का मोंटी हुआ, जो 13 साल का है। बेटी की शादी कुछ दिन पहले ही ओमप्रकाश ने की थी।
कई बार थाने तक पहुंचा था झगड़ा
मोहल्ले में चर्चा थी कि दंपती के बीच आए दिन किसी न किसी बात पर क्लेश होता था। कई बार झगड़ा थाने तक पहुंचा। खबर पाकर कलावती के मायके वाले भी दो घंटे के अंदर ही पहुंच गए थे। वह ओमप्रकाश पर फंदा लगाकर मारने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।