सात जून को श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी व अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन कराके लौटी निजी बस में करंट फैलने से झुलसी महिला श्रद्धालु की भी बुधवार को 11 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन में कोहराम मच गया।
गौरतलब हो कि सात जून को एक निजी बस से काफी श्रद्धालु वैष्णोदेवी, हरिद्वार, नगर कोट आदि कई जगहों के दर्शन कर लौटे थे। मथुरा अड्डा स्थित प्राइवेट बस स्टैंड में चालक ने बस को 33 केवी की विद्युत लाइन के नीचे खड़ा कर दिया। इस दौरान एक श्रद्धालु संजय कुमार निवासी कजरौठी जब सामान उतारने के लिए बस की छत पर चढ़ा तो लाइन की चपेट में आ गया, जिससे बस में भी करंट फैल गया। संजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मीना देवी पत्नी रुस्तम सिंह निवासी कासिमपुर बल्देव जिला मथुरा व गांव मई निवासी देवेंद्र झुलस गए थे। इनमें से बुधवार को दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान 45 वर्षीय मीना देवी की भी मौत हो गई।