उत्तर प्रदेश के हाथरस कोतवाली गेट इलाके के एक गांव की महिला आए दिन की मारपीट से तंग आकर पुलिस के पास पहुंची, यहां पर उसकी नहीं सुनी गई तो उसने खुद ही पति को बीच सड़क पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए।
मौके पर लोगों की काफी भीड़ लग गई। पुलिस आरोपी पति का पहले भी शांतिभंग में चालान कर चुकी है और अब उसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। अलीगढ़ रोड स्थित नवगृह मंदिर के पास एक महिला व उसके पति के बीच कहासुनी हो रही थी।
महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन शराब पीकर उससे मारपीट करता है। रोज-रोज की मारपीट और किच-किच से तंग आकर महिला ने गुस्से में आकर पति की जमकर पिटाई कर दी। गुस्साई महिला ने पति के कपड़े फाड़ दिए।
महिला द्वारा पति को पीटे जाने पर लोग वहां जमा हो गए। लोगों ने उसे रोका तो महिला ने आपबीती लोगों को सुनाई। महिला का आरोप था कि पति रोज-रोज शराब पीने का आदी है, उसकी इस आदत से वह परेशान हो गई है। शराब के नशे में पति उसकी पिटाई करता है।