महानगर के बन्नादेवी इलाके में मालगोदाम पर मंगलवार रात एक अजीब-ओ-गरीब वाकया हुआ। यहां दिल्ली से आए बरला के गांव ऊतरा के दंपति को एक सिपाही व दो बाइक सवारों ने घेर लिया। इस दौरान सिपाही तो पति को धमकाता रहा और बाइक सवार महिला को बाइक पर बैठाकर अगवा कर ले गए। इस दौरान पति के शोर पर पब्लिक ने सिपाही को दबोच लिया और पुलिस बुला ली। रात भर सिपाही हवालात में रहा। मगर सुबह खुद महिला थाने लौट आई और उसके द्वारा कोई कार्रवाई न करने की बात पर सभी को छोड़ दिया गया।
पति के अनुसार वह दिल्ली में मजदूरी करता है। वह पत्नी संग गांव आने के लिए रोडवेज से बस स्टैंड पर उतरा और मालगोदाम पर देर रात खाना खा रहा था। तभी एक सिपाही व बाइक सवार दो युवक आए। वह उन्हें धंधे वाला बताकर धमकाने लगे। इसी बीच उसकी पत्नी को दोनों बाइक पर बैठाकर ले गए। वह पीछे दौड़ा तो सिपाही ने रोका और जब शोर मचाया तो कुछ लोग माजरा समझ गए। उन्होंने बीच में आकर सिपाही को दबोच लिया।
मौके से सीधे एसएसपी को महिला के अपहरण की सूचना दी गई। एसएसपी के निर्देश पर बन्नादेवी पुलिस भी पहुंच गई। मामले में सिपाही हिरासत में लेकर रात भर हवालात रखा गया। महिला की तलाश के प्रयास चल रहे थे कि सुबह-सुबह महिला खुद थाने पहुंच गई।
एसओ के अनुसार उसने बताया कि बाइक सवार उसे कठपुला पर छोड़ गए। इसके बाद वह पहले मलखान सिंह अस्पताल, फिर अपनी सहेली के घर नगला मसानी कई जगह गई और फिर घटनास्थल पर पहुंची। जहां से पति के पुलिस के पास होने की सूचना पर थाने आई। उसने अपने साथ कोई अनहोनी न होने की बात कही और यह भी कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते। तब जाकर उनसे लिखित लेकर घर भेज दिया गया। एसओ के अनुसार सिपाही को भी छोड़ दिया गया।