मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों के साथ अतिथि
- फोटो : samvad
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना ने महिलाओं के उद्यमी बनने के सपनों को पंख लगा दिए हैं। हाथरस की सिंसी जूते-चप्पल का कारोबार शुरू करना चाहती थीं। पांच लाख रुपये का ऋण मिला है। उनका इरादा कारोबार बढ़ाने के साथ दूसरी महिलाओं को भी रोजगार देने का है।
सिंसी जैसी कई महिलाएं शनिवार को जीटी रोड स्थित फॉर्च्यून होटल में आयोजित मंडल स्तरीय वृहद ऋण वितरण शिविर में पहुंची। अलीगढ़ की किरन भारती ने सिलाई-कढ़ाई का काम शुरू करने के लिए ऋण लिया है। वहीं, हरदुआगंज के 12 नंबर की अंजू सिंह पहले घर से बुटीक चलाती थीं, लेकिन सीमित संसाधनों के चलते काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब ऋण मिलने से उन्हें कारोबार का विस्तार करने की उम्मीद है।
दरअसल, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। खास बात यह है कि योजना के जरिये महिलाएं भी स्वरोजगार की राह पकड़ रही हैं।
जिला उद्योग केंद्र और केनरा बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा के 55 लाभार्थियों को करीब दो करोड़ रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने लाभार्थियों को चेक सौंपे।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी, उपायुक्त उद्योग एसपी यादव समेत चारों जिलों के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है। कार्यक्रम में केनरा बैंक के डीजीएम प्रशांत कुमार, एलडीएम अशोक कुमार सोनी, अतुल सिंह, गौरव कुमार मौजूद रहे।