उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। क्वार्सी के गांव चिलकौरा (ताजबाग कॉलोनी) में महिला और उसके ननदोई की प्रेम कहानी में बाधा बन रहे पति की पिछले माह हत्या कर दी गई। महिला ने पुलिस को झूठी कहानी सुनाकर गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला व प्रेमी ननदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महिला खैरुन्निशा ने क्वार्सी थाने पहुंचकर नौ अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई कि उसका पति मो. चमन खां (20) छह अप्रैल से गायब है। किसी अज्ञात व्यक्ति के फोन कॉल पर चमन घर से निकलकर गया। फिर वापस नहीं आया।
जांच में उजागर हुआ कि उसी शाम चमन को उसके बहनोई मो. अली अपनी बाइक से नोएडा के दादरी क्षेत्र में ले गया था। जहां वह खुद काम करता था। वहां गांव सैंथली व नगला नैनसुख के मध्य खेतों में बिठाकर चमन को शराब पिलाई।
जब वह नशे में हो गया तो ईंट से सिर व चेहरे पर प्रहार कर उसकी हत्या कर शव वहीं छिपा दिया। बाद में चमन का शव दादरी पुलिस ने लावारिस अवस्था में बरामद किया। पहचान न होने पर पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया।