क्षेत्र के एक गांव में तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को घर में रस्सी से बांधकर उसपर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि महिला घर से हजारों रुपये और सोने-चांदी के जेवरात तथा एक बच्चा लेकर प्रेमी के साथ घर से चली गई।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी पत्नी का करीब तीन साल से पड़ोस के ही युवक से प्रेम संबंध है। पिछले महीने मामले की जानकारी हुई तो पत्नी को काफी समझाया। आरोप है कि सोमवार की रात करीब 11 बजे वह घर में चारपाई पर सो रहा था तभी पत्नी ने अपने प्रेमी को घर बुलाकर रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए। जान से मारने की नीयत से उसके पेट पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। घर में रखे 40 हजार रुपये और जेवरात तथा एक बच्चे को लेकर प्रेमी के साथ चली गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।