शनिवार की शाम करीब चार बजे गांव शहबाजपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली में आलू की बोरियां लाद रहा एक व्यक्ति ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट से वह बुरी तरह से झुलस गया। परिजन सहित ग्रामीण तत्काल उसे जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी प्रेमपाल (48) पुत्र श्यामलाल मजदूरी करते थे। शनिवार की शाम चार बजे वह एक ट्रैक्टर ट्रॉली में आलू की बोरियां लाद रहे थे। इसी दौरान ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार उन्हें छू गया। इससे तेज आवाज आवाज के साथ चिंगारियां छूटीं और प्रेमपाल बुरी तरह से झुलस गए।
इससे मौके पर हड़कंप मच गया। तत्काल ही परिजन व अन्य लोग उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए, पहले ही वह दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हर 15 दिन में होती है पत्नी की डायलिसिस
ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमपाल की पत्नी गीता देवी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। हर 15 दिन में उनकी डायलिसिस होती है। छह बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। प्रेमपाल मजदूरी कर पत्नी का इलाज कराने के साथ परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत से पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।