उन्हाेंने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि आपकी ही सरकार के लेखपालं, पटवार, थाना प्रभारी और अधिकारी हैं। आप किस किस से लड़ेंगे। बाद में मुख्यमंत्री ने यह भी जोड़ा कि अगर कोई बात है या किसी की कोई शिकायत है तो जांच कराई जाएगी। इसी तरह जेएनयू मामले और आगामी चुनाव की रणनीति के संबंध में भी अखिलेश ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में जो प्रकरण हुआ है उसको लेकर देश के बड़े-बडे़ बुद्धिजीवियाें में बहस छिड़ी हुई है। ऐसे में देखन होगा कि बहस के बाद क्या निकल कर आता है। अभी से इस पर कुछ कहना उचित नहीं।
हालांकि पत्रकार इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की तात्कालिक और व्यक्तिगत राय जानना चाहते थे लेकिन वे अपने रुख पर कायम रहे। आगामी चुनाव के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के कामों को जनता समझ रही है। मान रही है। अगले चुनाव में हम किस दल के साथ होंगे और किस दल के साथ नहीं या अकेले ही होंगे, इस बाबत रणनीति का खुलासा अभी करना बहुत जल्दबाजी होगी। अभी समय है। सरकार गंभीरता से अपना काम कर रही है।