थाना छर्रा क्षेत्र के छर्रा-सांकरा मार्ग स्थित सलगवां मोड़ के निकट शराब पी रहे चार युवकों का विरोध करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। उसको ब्लेड और चाकू मारा गया। ग्रामीणों को आता देख तीन युवक भाग गए, एक पकड़ गया। ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसे जेएन मेडिकल कालेज भेज दिया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी।
थाना छर्रा के गांव रामपुर निवासी विकास पुत्र अन्नू सिंह अपने ननिहाल गांव सलगवां में रहता है। युवक अलीगढ़ -कासगंज मार्ग पर निजी बस का हेल्पर है। 31 मार्च शाम 7:30 बजे वह अलीगढ़ जाने के लिए छर्रा-सांकरा मार्ग स्थित मोड़ पर पहुंचा। जहां गांव भीकनपुर निवासी अमन खान, फरहत, अरबाज व एक अन्य व्यक्ति सरकारी नल के पास शराब पी रहे थे।
युवक ने शराब पीने से मना किया तो सभी ने उसे पीटते हुए ब्लेड और चाकू मार दिया। युवक की चीखपुकार सुन कर ग्रामीण आ गए और आरोपी अमन को पकड़ कर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजेश कुमार के हवाले कर दिया। अमन को पुलिस थाने ले गई। सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता परिजनों के साथ थाने पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर अन्य तीन युवकों को पकड़ने की मांग की। सीओ छर्रा धनंजय ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज हो रही है। आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।