खैर के पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ व उनके बेटे की हत्या की साजिश के आरोपी चेयरमैन संजीव अग्रवाल बिंटू सहित 6 लोगों को जेल भेजने के बाद अब पुलिस चार शूटरों के पीछे लगी है। इसके लिए बुलंदशहर व एनसीआर सहित अन्य राज्यों में उनके संपर्क तलाशे जा रहे हैं। टीम एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। वहीं, इस पूरे गैंग पर गैंगस्टर की भी तैयारी है। ताकि आसानी से जमानत न हो सके और भविष्य में संपत्ति जब्तीकरण पर भी विचार किया जा सके।
बता दें कि इस साजिश को रचने में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता खैर चेयरमैन संजीव अग्रवाल के अलावा उसके कर्मचारी विकास शर्मा उर्फ बॉबी, बुलंदशहर खुर्जा के हिस्ट्रीशीटर राजकुमार जाट, देवीपुरा बुलंदशहर के संजय शर्मा, राहुल शर्मा उर्फ सोनू, छासियाबाद सिकंदराबाद के करन सैनी को जेल भेजा है। वहीं इस मामले में अभी बुलंदशहर के ही हिस्ट्रीशीटर बबलू, उसके भाई रिंकू, तरुण त्यागी व सागर उर्फ कालिया की तलाश है। इन चारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। इनके बुलंदशहर के अलावा एनसीआर, हरियाणा तक के संपर्क तलाशे जा रहे हैं। लगातार दबिश अभियान भी जारी है। पुलिस का प्रयास है कि इनकी गिरफ्तारी के साथ वे हथियार भी बरामद हो सकें, जिन्हें खुद संजीव अग्रवाल ने मुहैया कराया था। एसपी देहात पलाश बंसल कहते हैं कि गिरफ्तारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए टीमें लगी हुई हैं। फिर अन्य कार्रवाई भी की जाएंगी।