महानगर में शादियों का सीजन शुरू होते ही चोर भी सक्रिय हो गए। बृहस्पतिवार रात रामघाट रोड के एक गेस्ट हाउस में दुल्हन के जेवरों का बैग पार हो गया। बैग चोरी की घटना के बाद दो संदिग्ध भी सीसीटीवी कैद हुए हैं और पुलिस को तहरीर देने के साथ सीसीटीवी फुटेज तक दिखवाए गए हैं।
मगर पुलिस स्तर से मामले में मदद नहीं मिल रही और तीसरे दिन भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
क्वार्सी की ही रामबाग गली नंबर 2 निवासी विनोद कुमार की बेटी की शादी रामघाट रोड पर एक गेस्ट हाउस में 21 अप्रैल को थी। स्टेज प्रोग्राम चल रहा था। विनोद की पत्नी के हाथ में बेटी के जेवरों का बैग व शादी में बेटी को आशीर्वाद स्वरूप मिलने वाले रुपयों व लिफाफे भी उसी बैग में रखे जा रहे थे। देर रात स्टेज पर आशीर्वाद देने के लिए विनोद की पत्नी को बुलाया गया। तभी वह बैग को कमरे में छोड़कर चली आईं और जब लौटकर गईं तो वहां से बैग गायब था। इस पर शादी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विनोद के अनुसार बैग में करीब डेढ़ लाख रुपया और जेवरात सहित पांच लाख से अधिक का माल था। तभी गेस्ट हाउस के सीसीटीवी चेक किए गए और पुलिस बुला ली गई। सीसीटीवी में दो युवक कमरे में जाते और कुछ सामान छिपाकर ले जाते दिख रहे हैं। इस संबंध में तहरीर दे दी गई है। एसओ के अनुसार जांच की जा रही है।
मैरिस रोड पर शादी से मोबाइल पार
अलीगढ़। महानगर के मैरिस रोड इलाके के गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में भोपाल से आई महिला का कीमती मोबाइल चोरी हो गया। वाकया शुक्रवार रात का है। मोबाइल गायब होने पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर जांच की। मगर मोबाइल नहीं मिला। पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना के अनुसार भोपाल निवासी सोनी गुजराल का कीमती मोबाइल शादी में अचानक गायब हो गया।