फिल्म प्रोडयूसर शहरोज अली खान।
- फोटो : neeraj
हॉरर, थ्रिलर फिल्म क्या मस्ती क्या धूम के एसोसिएट प्रोड्यूसर शहरोज अली खान ने कहा कि अलीगढ़ के क्रिमिनल को लेकर जल्द ही वेब सीरीज बनाएंगे। इन दिनों शहरोज अपने परिवार के साथ शमशाद मार्केट में अलीग अपार्टमेंट में वक्त बिता रहे हैं। दरअसल, कोरोना वायरस के कारण मुंबई में शूटिंग का कामकाज ठप है।
शहरोज ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि वेब सीरीज के अलावा अलीगढ़ को लेकर फिल्म बनाने का इरादा है, जो अलीगढ़ की नुमाइंदगी बेहतर ढंग से कर सके। शहर की संस्कृति, उद्यमिता से दर्शक वाकिफ हो सकें। उन्होंने बताया कि अपने कॅरियर की शुरुआत म्यूजिक वीडियो से की थी। आने वाला नया म्यूजिक वीडियो खास है, जिसमें नवराज हंस ने आवाज दी है, जबकि हीरोइन हियाना ढिल्लन हैं।
शहरोज ने कहा कि फिल्मी दुनिया में जाने का फैसला उनका खुद का है। उनके इस फैसले पर घरवालों ने कोई नाराजगी नहीं जताई, क्योंकि उन्हें भरोसा था, जो करेगा, अच्छा करेगा। उनकी पहली फिल्म में युवाओं की पसंद कार्तिक आर्यन, राजकुमार राव, विक्की कौशल, आदित्य राय व आयुष्मान खुराना में से कोई एक होगा। शहरोज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही सबकुछ वैसा ही होगा, जैसे पहले था।