नवागत कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा ने मंगलवार को अलीगढ़ के कमिश्नर का पदभार ग्रहण कर लिया। उनकी उच्च प्राथमिकता में विकास, कानून व्यवस्था और लाभार्थीपरक योजनाओं का 100 फीसदी क्रियान्वयन है।
सर्वोच्च प्राथमिकता में शहरों जाम, जलभराव और अतिक्रमण होगा। इस पर तीन दिन के अंदर ही प्लान तैयार कर काम शुरू कर दिया जाएगा। जीटी रोड की हालत सुधारने को तो वह आते ही जुट गए हैं। सड़कों पर जो अतिक्रमण है उस पर चोट होगी ताकि यातायात सुधार हो। सोशल साइट और वाट़्सएप बने कानून व्यवस्था के दुश्मन।
22 जून से रिक्त चल रहे कमिश्नर अलीगढ़ के पद पर 1996 बैच के आईएएस अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने मंगलवार को 13 वें कमिश्नर के रूप में अपना काम शुरू कर दिया। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में मीडिया को अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। कमिश्नर ने कहा कि बारिश से शहर में जलभराव होता है।
चटकधूप बीमारी को बढ़ाती है। ऐसे में सबसे पहले पानी की निकासी के इंतजाम कराने होंगे। यह सबसे पहले किया जाना वाला काम है। जलभराव नहीं होने देने के आदेश नगरायुक्त को दे दिए गए दिए। सांप्रदायिक माहौल बनाए रखने की अपील करते हुए कमिश्नर ने कहा कि लोगों को कोई शिकायत है। समस्या है तो वह एक बार सीधे अधिकारी के पास आए। अथॉरिटी जनता की सुनने के लिए है। मैंने जानकारी की है कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने को अलीगढ़ में माहौल खराब कर रहे हैं।
वाट्सएप के जरिए लोगों को आवेशित करने का प्रयास हो रहा है। ऐसे मैसेज , फोटो और वीडियो भेजे जा रहे हैं जो तनाव पैदा कर दें। कोई बहकावे में नहीं आए। कमिश्नर ने कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़ जैसा अपराध गंभीर हैं। ऐसे मामलों में पुलिस कार्रवाई सख्त होगी। डीएम राजमणि यादव, अपर आयुक्त फैसल आफताब, एडीएम वित्त वीके सिंह, नगरायुक्त संतोष शर्मा, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा की ओर देखते हुए कमिश्नर ने कहा कि वह उस परिपाटी को जिंदा करेंगे जिसमें अधिकारी अपने क्षेत्र -शहर में गुजरते समय भी लोगों की समस्याओं पर नजर रखते हैं और अपने कार्यालय पहुंचकर उनके निस्तारण में जुट जाते हैं। सभी अधिकारी क्षेत्रों का दौरा करेंगे। शांति समिति की बैठक में जनता और अफसरों के बीच संवाद से खाली जगह नहीं रहेगी।
कमिश्नर ने कहा कि इस बार बारिश अच्छी हुई है। यह सुखद है। किसानों सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुंचाकर उनकी स्थिति में सुधार लाया जाएगा। विकास का जो बेसिक मॉडल है उसको दुरुस्त किया जाएगा। सड़क -सफाई और नाली की समस्याएं दूर हो गई तो आधी समस्याएं दूर हो जाएंगी। सुभाष चन्द्र शर्मा मूल रूप से राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं। शासन के मुख्यालय एवं फील्ड में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रह चुके हैं।
कमिश्नर अलीगढ़ से पूर्व वह शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सचिव थे। उससे पूर्व कुशीनगर , बरेली एवं मेरठ में जिलाधिकारी तथा मुरादाबाद के कमिश्नर के रूप में कार्यरत रह चुके हैं।