कर्मचारियों पर कार्रवाई
औचक निरीक्षण में वार्ड 52 के स्वच्छता पर्यवेक्षक और कई सफाई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित न कर पाने और भ्रामक जानकारी देने पर कार्रवाई हुई। स्वच्छता पर्यवेक्षक महेंद्र को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, 11 अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। दूसरी ओर, वार्ड 75 में सफाई कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति मिली। नगर आयुक्त ने वार्ड 75 के सफाई कर्मचारियों की सराहना की।
स्वच्छता से कोई समझौता नहीं
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। हर व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपने द्वारा उत्पन्न कचरे के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्वयं जिम्मेदार है। जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसमें सूचना पत्र, जुर्माना और प्रतिष्ठान को बंद करना शामिल है। अगले एक सप्ताह में अभियान चलाकर शहर के सभी शराब ठेकों का सर्वेक्षण किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।