थाना गंगीरी क्षेत्र के नौगांवा का रहने वाला उदल उर्फ शैलेंद्र पत्नी सुनीता।
- फोटो : CITY OFFICE
दो महीने पहले हुए जानलेवा हमले के आरोपी पर कार्रवाई न होने के कारण पीड़ित ने अगले 48 घंटे में परिवार सहित आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है।
गंगीरी क्षेत्र के गांव नौगंवा में रहने वाले शैलेंद्र धनसारी स्थित टावर पर काम करता है। शैलेंद्र ने बताया कि 9 जुलाई को अपने टावर पर लेटा हुआ था। इस दौरान गांव बिरखी नगला का प्रधान आया और उसे गोली मार दी। उसे पहले कस्बे के ही नर्सिंग होम में ले जाया गया। उसके बाद अलीगढ़ नर्सिंग के होम और फिर जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चला। लंबे उपचार के बाद उसकी जान बची है। शैलेंद्र के अनुसार इस मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन पुलिस हमलावर की गिरफ्तारी नहीं कर रही है।
शैलेंद्र का आरोप है कि इसके उलट कार्रवाई के विषय में पूछने पर पुलिस उन्हें ही प्रताड़ित कर रही है। आरोपी लगातार उसके परिवार को धमका रहे हैं। इससे पहले भी आरोपी उसके परिवार के एक सदस्य की हत्या कर चुका है। शैलेंद्र ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट में कहा है कि अगर अगले 48 घंटे में आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपनी पत्नी और दो बच्चों सहित आत्महत्या कर लेगा।