जिले पर कोरोना वायरस का कहर जारी है। शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमण से तीन मौत हुई हैं, जबकि सासनी गेट थाने में तैनात सिपाही सहित चार नए मरीज मिले हैं। मृत मरीजों में से दो पहले से संक्रमित घोषित थे। जिनका इलाज चल रहा था, जबकि एक नए संक्रमित घोषित मरीज की मौत हो गई। जो चार नए मरीज भी सामने आए हैं। इनमें से एक इगलास के सीतापुर गांव का प्रवासी मजदूर है, जबकि तीन शहर के दुर्गापुरी, सासनी गेट और तुर्कमान गेट क्षेत्र के मरीज हैं। चारों मरीजों को आइसोलेट कराने से लेकर मृतकों के अंतिम संस्कार कराने में प्रशासनिक टीमें जुटी हुई हैं।
जेएन मेडिकल कॉलेज से जारी रिपोर्ट के अनुसार, जिनकी मौत हुई है, उनमें कोतवाली के मानिक चौक का 50 वर्षीय कचौड़ी विक्रेता पहले से संक्रमण का शिकार था और इलाज चल रहा था। इसी तरह सिविल लाइंस जमालपुर कांशीराम कालोनी की 36 वर्षीय महिला तीन दिन पहले संक्रमित घोषित हुई थी और मेडिकल में ही इलाज हो रहा था। तीसरी शिवपुरी बन्नादेवी की 60 वर्षीय महिला तबियत खराब होने पर बृहस्पतिवार को मेडिकल पहुंची थी, जहां सैंपलिंग के साथ उसका इलाज शुरू हुआ। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई और उसकी मौत भी हो गई।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में हुईं जांच में जो नए संक्रमित मरीज मिले हैं, उनमें दुर्गापुरी में किरोय पर रहने वाला थाना सासनी गेट में तैनात 23 वर्षीय सिपाही, सासनी गेट की 62 वर्षीय महिला, तुर्कमान गेट की 50 वर्षीय महिला शामिल हैं। वहीं लखनऊ केजीएमयू से आई रिपोर्ट में इगलास के सीतापुर गांव का 26 वर्षीय महाराष्ट्र से लौटा प्रवासी मजदूर पॉजिटिव घोषित हुआ है, जबकि उसके चचेरे भाई को होम क्वारंटीन किया गया है।
दुखद खबर है। शुक्रवार को अपने जिले में तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई हैं, जबकि चार नए मरीज मिले हैं। इनसे संबंािधत इलाकों को सैनेटाइज कराने, परिवारों को क्वांरटीन कराने आदि का काम जारी है। एक बार फिर जनता से अपील की है कि लोग लॉक डाउन का पालन करें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहें व अपने घर पर रहें, सुरक्षित रहें। यदि आप या आपका कोई जानकार कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया है तो तत्काल उसकी सूचना जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम को दें ताकि कोरोना की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
चंद्रभूषण सिंह डीएम