भीषण गर्मी में उल्टी, दस्त, बुखार एवं खांसी आदि के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बच्चे भी बड़ी संख्या में चपेट में आ रहे हैं। चिकित्सकों की सलाह है कि धूप में निकलने से बचें और तरल पदार्थों का ज्यादा सेवन करें।
मलखान सिंह जिला अस्पताल में औसतन 1000 से 1200 मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें उल्टी, दस्त, बुखार, खांसी आदि के मरीजों की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। मलखान सिंह जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुधीर वर्मा ने बताया कि उल्टी, दस्त, बुखार आदि के मरीज ज्यादा आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस मौसम में बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर निकलने में परहेज करें। अगर निकलना पड़े तो पानी की बोतल पास रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। तरल पदार्थ का अधिक सेवन करें। धूप में ज्यादा समय न रहें। शहर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विभव वार्ष्णेय ने कहा कि गर्मी की वजह से बच्चे भी अधिक बीमार हो रहे हैं। उल्टी-दस्त के बहुत मरीज आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त खांसी एवं बुखार से पीड़ित बच्चे भी आ रहे हैं। कोरोना काल का समय चल रहा है, इसलिए अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उल्टी, दस्त की शिकायत हो तो तुरंत ओआरएस दें। फल एवं सब्जी को अच्छी तरह घोकर इस्तेमाल करें। खाने से पहले अच्छे तरीके से हाथ धोएं। किसी तरह की दिक्कत हो तो नजदीकी चिकित्सक से दिखाएं।