त्रिनेत्र एप पुलिस को अपराधों की निगरानी और जांच में मदद करता है। साथ ही अपराधियों की पहचान और ट्रैकिंग में भी सहायता प्रदान करता है। अभी तक इस एप में अपराध का प्रकार, अपराधी की जानकारी, और घटना का स्थान दर्ज किया जाता है। इसमें अपराधी की बायोमीट्रिक के साथ ही चेहरे की त्रिआयामी तस्वीर भी होती है। यह एप अपराध डेटा का विश्लेषण करता है और अपराधियों की पहचान करने में मदद करता है।
त्रिनेत्र एप पर वॉइस सैंपल का फीचर जोड़ा गया है। इस संबंध में निर्देश मिले हैं। जिले में जल्द ही सभी थानों पर इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा। जाहिर है इससे अपराधी तक पहुंचने में आसानी होगी। - ममता कुरील, एसपी क्राइम
सबसे बड़ा फायदा साइबर ठगी के मामलों में
साइबर ठगी में अपराधी कॉल करके ही वारदात को अंजाम देता है। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट जैसी गतिविधि में वीडियो कॉल करता है। वीडियो में वह अपना हुलिया बदल सकता है लेकिन आवाज के जरिए पुलिस को अपराधी तक पहुंचने में एक क्लू रहेगा। वॉइस सैंपल होने से कुछ ही सेंकेंड में आवाज का मिलान हो जाएगा। साथ ही पुलिस को संबंधित की सारी जानकारी भी हासिल हो जाएगी।