उज्जैन से आए बागुलामुखी पीठ के महंत स्वामी शिवानंद महाराज ने कहा है कि हिंदू समाज सो रहा है, उसे आज जागने की जरूरत है। आज हमारा समाज जातियों में बंटा हुआ है। आप लोग जातियों में न बंटें। फिर किसी की हिम्मत नहीं होगी कि सनातन पर कोई आंख उठा सके।
वे 2 अप्रैल को हाईवे बाैनेर बाईपास तिराहा स्थित विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यालय का हवन-यज्ञ के साथ उद्घाटन पर हुए सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने पूरे विश्व में हिंदुओं की सुरक्षा का संकल्प उठाया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चिंतन कीजिए हमारा अस्तित्व कहां है ? हमको जागृत होने की आवश्यकता है। सनातनियों को जगाने का काम संगठन करता है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के माध्यम से संगठित होकर हम हिंदुत्व की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि एक मंत्र यहां से लेकर जाओ हम एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि सनातन बोर्ड का यदि गठन हो जाता है तो सारी समस्या समाप्त हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि वक्फ संपत्ति हिंदुओं की संपत्ति है। क्योंकि तमाम मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाई गई हैं। इसलिए जो भी हिंदुओं की वक्फ संपत्ति घोषित की गई है उसकी रिकवरी होनी चाहिए और संपत्ति हिंदुओं को दे देनी चाहिए। वक्फ बोर्ड बिल को लेकर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव वोट बैंक की राजनीति करते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि मंगलवार का दिन निर्धारित करें और एक साथ पार्क में हनुमान चालीसा का पाठ करें।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि मंजू दिलेर, नीरज शर्मा, मंडल प्रभारी ओमकार सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चाैहान, जिलाध्यक्ष राजेश प्रजापति, प्रदेश संगठन मंत्री ओमकार सिंह, जिलाध्यक्ष कुश त्यागी, मंडल अध्यक्ष बिट्टू त्यागी, प्रीति, गोरखपुर के गोरख पीठ मठ से योगी सेवक उमेश, ठा. सुनील पुंडीर, शरद चौहान, विक्रम पुंडीर, राहुल राघव आदि थे।