घटना के बाद मृतक के घर के बाहर तैनात पुलिस बल। संवाद
- फोटो : Samvad
खैर कोतवाली के गांव जड़ना नगलिया के प्रधान पति वीरेंद्र कुमार की हत्या बड़े अपराधियों के गैंगवार की तरह चारों तरफ से घेराबंदी कर की गई थी। उनके शरीर में प्वाइंट 32 बोर की नौ गोलियां फंसी मिलीं हैं। अकेले सिर पर चार गोलियां लगी थीं, जिससे सिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही जान चली गई थी।
मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे जड़ना नगलिया ग्राम प्रधान शीतल के पति वीरेंद्र कुमार पर गोशाला से गांव लौटते समय घात लगाए हमलावरों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। पोस्टमार्टम से पहले हुए एक्सरे में उनके सिर पर चार, दाहिनी कोहनी के पास एक, कमर में पीछे की ओर दो, सामने से छाती पर एक और एक गोली पीछे कमर के नीचे धंसी मिली।
इससे उनका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सीने पर लगी गोली से किडनी का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। कमर के नीचे गोलियां लगने से वहां का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार सिर पर चार गोलियां लगने से सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ अत्यधिक रक्स्राव हुआ। इससे ही मौत हुई है। पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर फंसी सभी नौ गोलियों को निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब अपराधियों के पास से हथियार बरामद किए जाएंगे उसके बाद मृतक के शरीर से मिली गोलियों और पिस्टल के जरिये बैलिस्टिक मिलान कराया जाएगा।