गांव गालिवपुर में निर्माणाधीन पुलिया व मौजूद ग्रामीण
- फोटो : संवाद
गंगीरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत गालिबपुर से गुजर रही नीम नदी पर रापटा पुल का निर्माण हो रहा है। 24 मार्च की सुबह ग्रामीणों ने इसकी ऊंचाई कम होने और आसपास में दीवार नहीं बनाए जाने पर विरोध करते हुए निर्माण रुकवा दिया। कहा कि पुल के दोनों ओर काफी खाली जगह है। दीवार नहीं बनाने से बरसात में पानी भरेगा और दोनों तरफ का रास्ता कट जाएगा।
ग्रामीण लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उचित ऊंचाई न होने से बारिश आते ही यह मिट्टी से जाम हो जाएगा। नदी में आने वाला पानी खेतों से होकर गुजरेगा। इससे पहले ठेकेदार द्वारा पीली ईंट का उपयोग किया जा रहा था, जिसकी क्षेत्रीय विधायक से शिकायत की गई थी। इसके बाद ठेकेदार ने ईंटों में परिवर्तन किया है। अगर निर्माण गुणवत्ता पूर्ण नहीं हुआ तो विरोध जारी रहेगा। गुलाब सिंह ने बताया ठेकेदार से कई बार मौखिक शिकायत की गई है, लेकिन सुधार नहीं हुआ।
छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह ने बताया कि नीम नदी पर रापटा पुल बनाया जा रहा है। रही बात ऊंचे-नीचे होने की तो यह सही ऊंचाई में बन रहा है। पुल के दोनों तरफ दीवार भी बनवाई जाएगी। प्रदर्शन में भरत सिंह, विजेंद्र यादव, विकास कुमार, प्रीतम सिंह, दानवीर सिंह, योगेश कुमार, लोकेश कुमार, पंकज कुमार, राशिद खान, रजत कुमार, अभय यादव मौजूद रहे।