थाना क्षेत्र में बीते कई माह से खुद को विजिलेंस टीम का अधिकारी बताकर लाखों रुपये ऐंठ चुके टीजीटू कर्मी को ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार दोपहर लाल डिग्गी स्थित कार्यालय पर पकड़ लिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। क्षेत्र के युवा भाजपा नेता ने अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों पर आरोपी बिजली कर्मी का आमना सामना कराया तो हकीकत जानकर अधिकारियों ने पीड़ितों के रुपये दिलवाने और दोषी कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।
हरदुआगंज निवासी युवा भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने बताया कि गांव मीरपुर, बरानदी, बुढ़ासी समेत कई अन्य गांव के लोगों की शिकायत थी कि पिछले कुछ समय से एक बोलेरो गाड़ी में तीन लोग आते हैं जिनमें से एक खुद को विजिलेंस का अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को मीटर चेकिंग के नाम पर धमकाता है और साथ के दो लड़कों की मदद से रुपये ऐंठता है।
इसको लेकर बृहस्पतिवार दोपहर वह लाल डिग्गी स्थित कार्यालय पर अधिशासी अभियंता मीटर पीके सागर एवं सहायक अभियंता मीटर केके शर्मा से मिले जहां आरोपी को देखकर ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और तथ्यों समेत उसकी हरकतों की जानकारी दी।