अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के भीकमपुर में बुधवार को एक बुजुर्ग की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशान ले जा रहे थे। आरोप है कि पड़ोसी ने उन्हें खेत से निकलने से रोक दिया।
अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के भीकमपुर में बुधवार को एक बुजुर्ग की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशान ले जा रहे थे। आरोप है कि पड़ोसी ने उन्हें खेत से निकलने से रोक दिया। इसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने जीटी रोड पर शव को रखकर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझकर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवा दिया। पुलिस की मौजूदगी में बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कराया गया तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका।
विज्ञापन
भीकमपुर निवासी 58 वर्षीय ओमप्रकाश लोधी कोल्ड ड्रिंक की एजेंसी चलाते थे। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बुधवार को उनका निधन हो गया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए अर्थी सजाकर शमशान जा रहे थे। आरोप है कि पड़ोसी राजेंद्र ने उन्हें गेहूं के खेत से निकलने से मना कर दिया। राजेंद्र का कहना था यह आम रास्ता नहीं है इससे उसके खेत में खड़ी फसल बर्बाद होगी। काफी देर तक इसको लेकर नोंकझोंक चलती रही।
इसके बाद गुस्साए परिजनों ने शव को जीटी रोड पर लाकर रख दिया और जाम लगा दिया। जाम और हंगामा की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया। सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण शमशान जाने के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की मांग पर अड़े हुए थे। इस पर कोल तहसील से नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। पड़ोसी खेत मालिक राजेंद्र को भी समझाया गया और रास्ता दिलाकर बुजुर्ग ओमप्रकाश का पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। गांव में पूरी तरह शांति बनी हुई है। अब किसी तरह का कोई विवाद नहीं है।