विक्रमशिला एक्सप्रेस पलटने से बची
- फोटो : file photo
सोमवार को कानपुर की ओर से आ रही विक्रमशिला एक्सप्रेस पलटने से बच गई। छर्रा अड्डा पुल के पीछे खंभा संख्या 1300/24/5 पर दो रेल पटरी को जोड़ने वाली जोगल पट्टी खुल गई। अंदेशा होने पर ड्राईवर ने ट्रेन रोक ली। खबर पाकर रेलवे के अधिकारी, लाइनमैन समेत आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने तत्काल जोगल पट्टी को दोबारा कसा तब कहीं जाकर ट्रेन को रवाना किया। इस कार्य में तकरीबन आधा घंटा लगा, तब तक ट्रेन मैन लाइन पर ही खड़ी रही, जिसके कारण राजधानी समेत तीन ट्रेनें प्रभावित हो गईं।
विक्रमशिला एक्सप्रेस का अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं हैं। सुबह लगभग 10.20 पर कानपुर की ओर से चलकर आ रही विक्रमशिला के चालक को छर्रा अड्डा पुल से पीछे खंभा संख्या 1300/24/5 पर ट्रैक में कुछ गड़बड़ी लगी। चालक ने ट्रेन की रफ्तार धीमी करते हुए ट्रेन को रोक लिया। मैन ट्रैक पर ट्रेन रुकने की खबर सुनकर मौके पर रेलवे के आलाधिकारी, कर्मचारी समेत आरपीएफ के जवान पहुंच गए।
वहां स्थिति का जायजा लिया तो रेल पटरी पर लगी जोगल प्लेट खुली मिली। कर्मचारियों ने तत्काल जोगल पट्टी को दोबारा लगाया, जिसके बाद ट्रेन रवाना हुई। इस कार्य में तकरीबन आधा घंटा लगा, जब तक ट्रेन मैन लाइन पर ही खड़ी रही। इसके चलते राजधानी एक्सप्रेस समेत तीन गाड़ियां प्रभावित हुई। बाद में रेलवे के अधिकारियों ने मेहरावल पर विक्रमशिला एक्सप्रेस को लूप लाइन में लेकर राजधानी एक्सप्रेस व बाकी की गाड़ियों को निकाला।
वर्जन
पटरी के बीच में लगी जोगल प्लेट के बोल्ट खुल गए थे, जिस पर लाइन मैन ने ध्यान नहीं दिया। इसी कारण से ट्रेन चालक ने ट्रेन को रोक लिया। खबर पर पहुंचे कर्मचारियों ने जोगल प्लेट को टाइट कर ट्रेन को रवाना किया।
नवल किशोर, आरपीएफ प्रभारी