क्वार्सी चौराहा प्रमुख ट्रैफिक हॉट स्पॉट है। यहां प्रतिदिन 25 से 30 हजार वाहन अतरौली, बुलंदशहर, अनूपशहर, कानपुर नेशनल हाईवे, एटा और मीनाक्षी पुल की ओर आते-जाते हैं। लंबे समय से यहां जाम की समस्या से जूझ रहे निवासियों को इस फ्लाई ओवर से बड़ी राहत मिलेगी।
अलीगढ़ शहर के सबसे व्यस्त क्वार्सी चौराहे पर बन रहे फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 71 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस फ्लाई ओवर पर मार्च 2026 तक वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।
विज्ञापन
फ्लाई ओवर पर सुपर स्ट्रक्चर के साथ ही रिटेनिंग वॉल (आरई वॉल) का कार्य भी जोरों पर है, जबकि दीनदयाल अस्पताल की ओर 10 नवंबर से आरई वॉल निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे इस रास्ते पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और विकास भवन से अस्पताल पहुंचने वाली गाड़ियां आसानी से घूमकर जा सकेंगी।
शहर का क्वार्सी चौराहा प्रमुख ट्रैफिक हॉट स्पॉट है। यहां प्रतिदिन 25 से 30 हजार वाहन अतरौली, बुलंदशहर, अनूपशहर, कानपुर नेशनल हाईवे, एटा और मीनाक्षी पुल की ओर आते-जाते हैं। लंबे समय से यहां जाम की समस्या से जूझ रहे निवासियों को इस फ्लाई ओवर से बड़ी राहत मिलेगी। कुल 630 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के लिए 12 पिलर बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश का सब-स्ट्रक्चर कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 50 फीसदी से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। मार्च 2026 से पहले इस कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्वार्सी फ्लाईओवर का कार्य तेजी से चल रहा है। ट्रैफिक के कारण थोड़ी परेशानी तो आ रही है, लेकिन हम समय सीमा का पालन कर रहे हैं। सुपर स्ट्रक्चर जुलाई से शुरू हो गया था और आरई वॉल का कार्य भी समानांतर चल रहा है। दीनदयाल अस्पताल की ओर 10 नवंबर से खोदाई और वॉल निर्माण आरंभ होगा। इसके लिए पूरा प्लान तैयार है, जिसमें रूट डायवर्जन और सुरक्षा उपाय शामिल हैं।-मोहित कुमार, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम