लोधा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य दबोचे हैं। यह वाहन चोर गैर प्रांतों से ट्रक व अन्य वाहन चोरी कर लाते थे और इन्हें काटकर इनके पार्ट्स बेचने का धंधा करते हैं। पुलिस ने इन्हें खेड़ा खुशखबर के किनारे एक खेत से पकड़ा है।
एएसपी/सीओ गभाना विकास कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि एसओ रामवकील, एसआई नितिन राठी, सौरभ आदि की टीम ने चेकिंग के दौरान खेड़ा खुशखबर के बाहर रेलवे लाइन के सहारे से चार लोग पकड़े हैं। यह चारों लोग खेत में वाहनों को काट रहे थे। मौके से एक छह टायरा ट्रक सहित दो चोरी की बाइक व बाइक के पार्ट्स आदि बरामद किए हैं। इसके अलावा ट्रक की खुली बाडी, एक गैस सिलिंडर, गैर कटर, हथौड़ा भी मिला है। पकड़े गए लोगों ने स्वीकारा है कि यह ट्रक दिल्ली से चोरी किया गया है। अन्य वाहनों के विषय में जानकारी की जा रही है। पकड़े गए लोगों में मुरसलीन पुत्र इकबाल अहमद सारसौल बन्नादेवी, विकल कुमार पुत्र श्यौराज सिंह बागऊ पहासू बुलंदशहर हाल पता भीकमपुर बन्नादेवी, जयप्रकाश उर्फ जैनू पुत्र पप्पू व अनिल पुत्र हाकिम खेड़ा खुशखबर लोधा शामिल हैं।