आनंद विहार और नई दिल्ली से चलने वाली वंदे भारत ट्रेनें रोजाना अलीगढ़ से गुजरती हैं, मगर यहां पर ठहराव न होने से अलीगढ़ के यात्रियों को मायूसी हाथ लगती थी। पिछले दिनों संसद में पेश हुए बजट में लोगों को उम्मीद थी कि वंदे भारत ट्रेन का अलीगढ़ में ठहराव होगा। दैनिक यात्री और स्थानीय लोग लंबे समय से वंदे भारत, राजधानी समेत कुछ अन्य ट्रेनों के अलीगढ़ स्टेशन पर ठहराव की मांग कर रहे थे। खासकर अलीगढ़ से लखनऊ व अयोध्या की यात्रा करने वाले यात्री वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे।
दिल्ली से अलीगढ़ तक लगेंगे मात्र 70 मिनट
आनंद विहार दिल्ली से अलीगढ़ तक का सफर इस ट्रेन से मात्र 70 मिनट में पूरा हो सकेगा। अलीगढ़ से कानपुर करीब ढाई घंटे में जा सकेंगे। अलीगढ़ से कानपुर, लखनऊ व अयोध्या तक सफर करने वाले यात्रियों के समय की बचत होगी और सफर भी आरामदायक रहेगा।
प्रधानमंत्री ने किया था शुभारंभ
अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन से आनंद बिहार टर्मिनल को जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन का 30 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया था। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर चलने वाली यह तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है।