टप्पल थाना क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल हाईवे स्थित कस्बा जट्टारी के दुर्गापुर मोड़ के निकट पर 13 जून सुबह करीब साढ़े पांच बजे इको वैन को तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे वैन सड़क से कुछ दूर जाकर पलट गई। वैन में चालक सहित चार लोग सवार थे। चालक की मौके पर मौत हो गई, तीन लोग घायल हो गए। वैन कासगंज के मजदूरों को बल्लभगढ़ छोड़ कर वापस आ रही थी और डंपर में रोड़ी लदी हुई थी।
वैन को प्रमोद (50) पुत्र सुभाष निवासी विष्णु कॉलोनी बल्लभगढ़ हरियाणा चला रहा था। दुर्घटना में तीन लोग भूरेलाल, दिनेश व राजकुमार निवासीगण ईश्वरपुर थाना ढोलना जिला कासगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची टप्पल थाना पुलिस ने मशक्कत के बाद चारों लोगों को वैन से बाहर निकलवाया। एंबुलेंस से घायलों को टप्पल के सरकारी अस्पताल में पहुंचा कर भर्ती कराया।
मृतक प्रमोद के शव को पंचनामा कर अलीगढ़ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टप्पल पर कराया गया। जहां से घायल निजी अस्पताल चले गए। घटना के बाद सूचना पर मृतक प्रमोद कुमार के परिजन मौके पर पहुंच गए। इधर, क्षतिग्रस्त वैन व डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद पुलिस ने डंपर को टप्पल इंटरचेंज के पास लाकर खड़ा कर दिया था। उस समय उसकी नंबर प्लेट कुछ अलग थी, लेकिन घटना के कुछ समय बाद उसमें दूसरी नंबर प्लेट लगा दी गई। जब इसकी जानकारी मृतक के भाई को हुई तो घटना के बाद लगी दूसरी नंबर प्लेट को तोड़ दिया गया। मृतक के भाई विनोद कुमार ने डंपर वालों पर घटना के बाद नंबर प्लेट को बदलने का आरोप लगाया है। विनोद कुमार ने टप्पल थाने में इसकी तहरीर दी है, पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच कर रिपोर्ट में इसको शामिल किया जाएगा।