- 7 फरवरी, रोज डे
- 8 फरवरी, प्रपोज डे
- 9 फरवरी, चॉकलेट डे
- 10 फरवरी, टेडी डे
- 11 फरवरी, प्रोमिस डे
- 12 फरवरी, हग डे
- 13 फरवरी, किस डे
- 14 फरवरी, वेलेंटाइन डे
पहली बार किया इजहार, मिला प्यार का उपहार
प्रेम दो दिलों का मिलन ही नहीं अपितु त्याग और समर्पण भी है। एक- दूसरे के प्रति श्रद्धा और भाव भी। यह सात जन्मों का अटूट बंधन भी है। इसलिए जिंदगी की पहली मुलाकात कई बार जीवनसाथी के रूप में परिवर्तित हो जाती है और जीवन का लम्हा कब गुजर जाता है, पता ही नहीं चलता है। शहर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप बंसल और महिला विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अल्पना बंसल की जिंदगी की कहानी भी कुछ इसी प्रकार से है। पवित्र प्रेम ने चिकित्सक दंपती को चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई पहचान दी। वेलेंटाइन वीक की शुरुआत में वो पुरानी यादों के पन्ने पलटने लगते हैं। जीटी रोड बन्ना देवी स्थित बंसल नर्सिंग होम के स्वामी डॉ. प्रदीप बंसल बचपन से ही सौम्य और सरल स्वभाव के थे।
मेडिकल की शिक्षा उन्होंने आगरा मेडिकल कॉलेज से की है। उसी समय उनके माता- पिता ने उनकी शादी की बात शुरू कर दी। इसी बीच डॉ. प्रदीप बंसल की मुलाकात डॉ. अल्पना से हुई। वो स्त्री प्रसूति रोग विशेषज्ञ थीं। डॉ. प्रदीप बंसल को डॉ. अल्पना बंसल का मृदुभाषी व्यवहार भा गया। उन्होंने निर्णय किया कि अब अल्पना से ही परिणय सूत्र में बंधना हैं। इस प्रकार दोनों 19 फरवरी 1995 में एक-दूजे के हो गए। डॉ. प्रदीप बंसल कहते हैं कि उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा उपहार अल्पना हैं। उन्होंने जीवन में हर ऐसे वक्त में मदद की जब उन्हें जरूरत थी। हमेशा संबल प्रदान किया। इतना व्यस्त होने के बाद भी बच्चों के सपनों में पंख लगाने में पीछे नहीं रहे। कई बार काम के बोझ के तले थकान महसूस होती है तो उनकी मीठी बातें दवा सा असर करती हैं।
डॉ. अल्पना कहती हैं कि प्रेम त्याग और समर्पण है। यदि पति- पत्नी के बीच ये दोनों बातें हैं तो जीवन को खुशहाली से भर सकते हैं, जब दंपती के बीच इन दोनों का अभाव रहता है तो जीवन में खटास पैदा होने लगती हैं। मगर, डॉक्टर साहब त्याग और समर्पण में कई बार हमसे आगे निकल जाते हैं। इसलिए हम दोनों के बीच कभी मन- मुटाव हुआ ही नहीं। अस्पताल और मरीजों के बीच हम दोनों परिवार और बच्चों के लिए समय निकाल लेते हैं। यदि जीवन में सामंजस्य है तो फिर जिंदगी की गाड़ी निर्बाध चलती रहेगी। इसलिए वे कोई भी मौका हो वे हमेशा साथ-साथ हैं।