कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता। संवाद
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका अभियान का शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम में दो किशोरियों के टीका लगाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र अधीक्षक डॉ. विकास कुमार की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता की बैठक हुई।
बैठक में केंद्र अधीक्षक ने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की बीमारी की रोकथाम के लिए सरकार ने वैक्सीन तैयार की है, जिसमें 14 वर्ष से 15 वर्ष की किशोरियों को वैक्सीन लगाई जानी है, जिससे वह भविष्य में इस बीमारी की चपेट में आने से बच सकें।
उन्होंने बताया कि इस वैक्सीन को लेकर लोगों के बीच भ्रांतियां फैली हुई हैं। आशा, आंगनबाड़ी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर उन्हें बताएं कि वैक्सीन का कोई दुष्परिणाम नहीं है, यह पूरी तरह सुरक्षित है। कार्यकर्ता तय उम्र की किशोरियों को प्रचुर मात्रा में वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करें, जिससे बीमारी पर जल्द काबू पाया जा सके।
वहीं, उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी स्कूलों के लिए पत्र भेजा जा रहा है, जिससे वहां पढ़ने वाली किशोरियों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जा सके। बताया कि उक्त वैक्सीन की बाजार में कीमत करीब 12000 रुपये से अधिक है जो कि सरकारी स्तर पर मुफ्त में लगाई जा रही है।