सियासी दलों ने की समय सीमा बढ़ाने की मांग
मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर अलीगढ़ ने उपलब्धि हासिल की है। जिले में एसआईआर के तहत 73.65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शुक्रवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा की। इस दौरान हुई बैठक में राजनीतिक दलों ने एसआईआर की समय सीमा बढ़ाने की मांग की।
बैठक में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, आप और रालोद सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए एक पारदर्शी और समयबद्ध प्रणाली लागू की गई है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं और महिलाओं के पंजीकरण के लिए राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से सहयोग करने की अपील की गई। पुनरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, कांग्रेस से नदीम गफूर, बसपा से एडवोकेट अशोक सिंह और आप से ठा. नरेन्द्र सिंह ने सुझाव रखे।
मतदाता सांख्यिकी
विवरण-आंकड़े
- कुल जनसंख्या-46,92,093
- कुल पंजीकृत मतदाता-22,76,190
- पुरुष मतदाता-12,40,022
- महिला मतदाता-10,36,086
- थर्ड जेंडर-82
- ईपी रेशियो-48.69 फीसदी
- जेंडर रेशियो-836
निर्वाचन मशीनरी की मुस्तैदी
- जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों (खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, अलीगढ़ और इगलास) में कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए टीम तैनात की गई है।
- अधिकारी - 7 ईआरओ और 183 एईआरओ
- ग्राउंड टीम - 3234 बीएलओ और 324 सुपरवाइजर।
- मतदान केंद्र - जिले में कुल 1642 मतदान केंद्र और 3234 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
- राजनीतिक सहयोग - विभिन्न दलों द्वारा 9853 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।