अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कंप्यूटर साइंस विभाग में आर्ट ऑफ सक्सेसफुल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट विषय पर तीन दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई ने कहा कि आम बातचीत के शब्दों का उपयोग संवाद को अधिक सार्थक बनाता है।
उन्होंने अच्छे लेखन, बोली जाने वाली भाषा, मौखिक और तकनीकी संचार की बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साइंस फैकल्टी के डीन प्रोफेसर काजी मजहर अली ने कहा कि परियोजना प्रबंधन का महत्व जीवन के लगभग प्रत्येक क्षेत्र में अनुभव किया जा सकता है। चाहे वह उद्योग हो, शिक्षा हो, अनुसंधान हो। इसके अलावा किसी परियोजना की अवधारणा शेड्यूलिंग, क्रियान्वयन, निगरानी और सफल वितरण के लिए बहुत सारे औपचारिक प्रयासों की आवश्यकता होती है। इनमें वर्तमान रुझानों के साथ तालमेल रखना शामिल है।
कंप्यूटर साइंस विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर आसिम जफर ने कहा कि कुशल परियोजना प्रबंधकों की मांग तेजी से बढ़ रही है। कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रोफेसर नसीम अहमद फारुकी कार्यक्रम का संचालन किया।