वार्ड संख्या-23 के ग्राम अजीतपुर आसना में लगभग चार करोड़ रुपये से अत्याधुनिक उपवन पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शनिवार को महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने भूमि पूजन कर इसका शिलान्यास किया। यह शहर के प्रसिद्ध जवाहर पार्क से भी अधिक भव्य होगा। इसे मियावाकी पद्धति पर विकसित किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस पार्क को अगले चार से छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्क को कुल 17 जोनों में बांटकर व्यापक पौधरोपण होगा। तीन साल तक इसके रखरखाव की जिम्मेदारी तय की गई है। पार्क में फॉरेस्ट-टू-फीस्ट थीम पर आधारित एक शानदार कैफे, डिजिटल व्याख्या केंद्र और पौधरोपण प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा।
प्रवेश द्वार पर मूर्ति के साथ एक खूबसूरत जलाशय, कमल तालाब और पत्थर की मूर्तियों से सुसज्जित मछली तालाब आकर्षण का केंद्र होंगे। बच्चों के लिए विशेष खेल क्षेत्र और बड़ों के लिए ओपन जिम की व्यवस्था होगी। पत्थरों का पैदल मार्ग, रिफ्लेक्शन पाथ, परगोला और सुंदर गज़ीबो बनाए जाएंगे। महिला, पुरुष व दिव्यांगजनों के लिए अलग शौचालय, पार्किंग, कूड़ादान, कंपोस्टर युक्त अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था होगी।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि वार्ड-23 में बनने वाला यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए न सिर्फ आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यावरण को भी शुद्ध रखेगा। मौके पर स्थानीय पार्षद नीलम सिंह, संजय शर्मा, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा, सहायक अभियंता राजवीर, जेई अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
उपवन पार्क का एक प्रतीकात्मक चित्र : स्रोत- स्वयं- फोटो : कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ