अमृतसर से कटिहार जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस का एसी न चलने से नाराज यात्रियों ने शनिवार की रात चेन पुलिंग कर रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। करीब 35 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। यात्रियों ने लिखित शिकायत स्टेशन पर की है।
अमरपाली एक्सप्रेस जैसे ही गाजियाबाद स्टेशन से निकली, तभी एसी ने काम करना बंद कर दिया। यात्रियों ने इसकी शिकायत रेलवे स्टाफ से की। आरोप है कि किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। रात आठ बजे ट्रेन अलीगढ़ स्टेशन पर पहुंची। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन जैसे ही रवाना हुई तभी नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया और हंगामा करने लगे।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि एसी न चलने से अंदर बैठना मुश्किल हो रहा है। एक बच्चे की तबियत भी खराब हो गई। उन्होंने बताया कि लगातार इसकी शिकायत की जा रही है, लेकिन एसी ठीक नहीं किया जा रहा है। चेन पुलिंग की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
इलेक्ट्रिक विभाग की टीम ने बताया कि ट्रेन रुकने की वजह से बैटरी डिस्चार्ज हो गई है। ट्रेन चलने पर एसी काम करने लगेगा। यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक के नाम शिकायती पत्र दिया। इसके बाद ट्रेन 35 मिनट की देरी से गंतव्य को रवाना हो गई।