मौत की सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे ग्रामीण, परिजन व पुलिस
- फोटो : samvad
कस्बा के एक चिकित्सक के क्लीनिक पर शनिवार की शाम बुखार से पीड़ित कासगंज के ढोलना निवासी नीरज यादव (25) की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर से मौत की वजह जानने वह अभद्रता कर क्लीनिक पर ताला लगाकर भाग गया। परिजनों ने शव को सीएचसी लाने के बाद हंगामा भी किया, जिन्हें पुलिस ने मुश्किल से शांत किया
कासगंज के थाना ढोलना के गांव तैयब खां नगला के रहने वाले अजयपाल सिंह ने बताया कि उसके छोटे भाई नीरज ने शुक्रवार की सुबह बुखार की शिकायत थी। इस पर उसे गांव में ही एक निजी चिकित्सक से दवा ले ली लेकिन फायदा नहीं होने पर शनिवार की सुबह कस्बा छर्रा स्थित एक निजी क्लीनिक में दिखाया, जहां डॉक्टर ने उसे डेंगू बताते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन शाम 7:30 बजे नीरज की तबीयत बिगड़ गई, परिजनों ने जब डॉक्टर से कहा तो डॉक्टर ने जांच कर युवक को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि परिजनों ने मौत का कारण पूछा तो डॉक्टर अभद्रता करते हुए क्लीनिक पर ताला लगाकर भाग गया।
परिजनों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही की गई है, अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांचकर कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुशलपाल सिंह ने बताया कि घटना से सीएमओ को अवगत कराया गया है, उन्होंने टीम बनाकर जांच कराने की बात कही है।