अब तक हुई पूछताछ में उसने स्वीकारा है कि उसने मालगोदाम की सिटी साइडिंग पर खड़े रहने वाले ट्रकों के पास से यह सिलिंडर चोरी किया था। वह नशे का आदि है। सिलिंडर चोरी कर उसे बेचकर वह नशा करता। हालांकि वह वहां खाद का बोरा चोरी करने गया था। मगर वह नहीं ला सका। पहले भी सिलिंडर चोरी किया था। इसलिए इस बार भी सिलिंडर लेकर चल दिया। वहां से ले जाते समय वह ट्रैक पार कर रहा था, इसी दौरान ट्रेन आने पर सिलिंडर उसके हाथ से छूट गया । टीमें अब उसके बयान का मिलान करने में जुटी हैं। अब तक उसकी बात सही निकल रही है। फिर भी ट्रकों से सिलिंडर चोरी होने की पुष्टि की जा रही है। उसके बाद ही प्रकरण का खुलासा किया जाएगा। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त गुलजार सिंह इतना ही कहते हैं कि अभी जांच जारी है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।
कई दिनों तक चली जांच के बाद एक युवक हिरासत में लिया गया है। वह रेलवे के आसपास चोरियां करता है। उसने किस मकसद से फेंका था यह अभी पूछताछ की जा रही है।-मृगांक शेखर पाठक (एसपी सिटी)
ट्रेन की चपेट में आने से बचा, चोटिल हुआ
ट्रैक पर सिलिंडर छूटने का घटनाक्रम 16 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे से 10 बजे के मध्य का स्पष्ट हुआ है। जब वह ट्रैक पार कर रहा था, तब पहले दिल्ली की ओर से ट्रेन आई। उससे बचने के लिए युवक ने छलांग लगाई तो कानपुर की ओर से दिल्ली की तरफ जाने वाली वंदेभारत ट्रेन आ गई। जिसके चलते वह ट्रेन की चपेट में आने से बचा। मगर पटरियों के बीच में गिरने से उसके घुटने में खरोंच आई। वह दांत व होठों पर भी चोट लग गई।