फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेकाबू सांड़ से मची अफरातफरी...जाम में फंसे मरीज पैदल ही पहुंचे अस्पताल

विज्ञापन
विज्ञापन
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के अलीगढ़ दौरे के सभी मार्गों पर पुलिस का कब्जा रहा। सीएम की फ्लीट गुजरने वाले मार्गों व चौराहों पर दो घंटे तक यातायात बंद रहा। इस दौरान क्वार्सी चौराहे व पीएसी पर लोग परेशान रहे। इसी बीच, क्वार्सी चौराहे पर कैटल कैचर टीम की पकड़ से भागे सांड़ ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे अफरातफरी मच गई और लोग बाल-बाल बचे। इसके अलावा, यातायात रोके जाने से परेशान मरीज अपने वाहनों से उतरकर पैदल ही अस्पताल पहुंचे।
विज्ञापन

योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर जैसे ही 11 बजकर 18 मिनट पर एएमयू स्थित हेलीपैड पर उतरा। इससे दो घंटे पहले ही एएमयू सर्किल से कलक्ट्रेट तक जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद किया गया था। मुख्यमंत्री 11.25 बजे कलेक्ट्रेट में दाखिल हुए। निरीक्षण के बाद एएमयू में बैठक की और पत्रकारों को संबोधित किया।
लगभग 12 बजे से पुलिसकर्मियों ने एएमयू से लालडिग्गी, मैरिस रोड चौराहा, किशनपुर तिराहा, क्वार्सी चौराहा से लेकर पीएसी व देवसैनी गांव के गोकुलेशपुरम कॉलोनी तक आवागमन बंद कर दिया। पीएसी पर 12 बजे से ही यातायात रुका तो वाहनों की कतार लग गई।
विज्ञापन

क्वार्सी चौराहे पर सभी मार्गों का यातायात रोका तो अनूपशहर रोड व एटा रोड की तरफ से चौराहे पर वाहनों की लाइन लग गई। जाम में फंसने से एंबुलेंस भी नहीं निकल पाईं। मजबूरन तीमारदार अपने मरीज को पैदल लेकर अस्पताल की तरफ रवाना हुए। एक बजकर 35 मिनट पर दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के पास कैटल कैचर टीम के हाथों से एक सांड़ बेकाबू होकर क्वार्सी की तरफ भाग निकला। क्वार्सी से एटा चुंगी रोड की तरफ सड़क की पटरी पर लोग बैठे थे। वह बाल बाल बचे।
इसके बाद करीब एक बजकर 42 मिनट पर जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला शहर की तरफ से पीएसी की तरफ निकला तो अनूपशहर रोड पर खड़े लोगों के अभिवादन के लिए सीएम ने हाथ हिलाया। इस पर भीड़ ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने भी हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला यहां से निकला, वैसे ही यहां जाम लग गया। लोग घंटों परेशान रहे। जबकि मुख्यमंत्री की झलक पाने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार करते रहे।
काफिले के आगमन तक चलता रहा साफ-सफाई का कार्य
मुख्यमंत्री के आगमन से एक घंटे पहले तक शहर की सड़कों पर साफ सफाई का कार्य चलता रहा। बुधवार शाम से यहां नगर निगम कर्मचारियों ने सड़कों से मिट्टी हटाई। पुलिसकर्मियों ने फड़ बाजार को नहीं लगने दिया। जेसीबी सड़क के किनारे जगह जगह पड़े कूड़े के ढेर हटाती रही।
गंदगी ट्रैक्टर ट्रॉली के सहारे शहर से बाहर भेजते रहे। कुछ लोगों का अतिक्रमण और रेत-बदरपुर, ईंटों को हटवाया गया। इसके अलावा पुलिस ने माइक से लोगों को घरों में रहने और एकसाथ भीड़ न लगाने का प्रचार प्रसार भी किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें