अलीगढ़ में रामघाट रोड पर खेरागढ़ थाना के दरोगा विजय कुमार के बेटे आवेश को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। घटना क्वार्सी थाना क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित डीपीएस स्कूल के सामने की है। शनिवार रात मोटरसाइकल से जा रहे आवेश को सड़क पर अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया।
रविवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द किया। मृतक आवेश के छोटे भाई आजाद ने बताया कि परिवार मूल रूप से बुलन्दशहर के पिलखना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान के वो लोग क्वार्सी इलाके के सुकरावली में रहते हैं। पिता विजय कुमार आगरा के विजिलेंस थाने में दरोगा के पद पर तैनात हैं।
शनिवार को बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आजाद के अनुसार आवेश शनिवार रात 10 बजे घर से पिलखना जाने की बात कहकर आपचे बाइक लेकर निकल था। रास्ते में ही उसे किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया।
राहगीर उसे पहले एक निजी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहाँ उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया गया, जिसके बाद उसे जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात 12:30 बजे के करीब परिवार को आवेश की मौत की सूचना दी। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।